जयपुर कोचिंग में 10 छात्र बेहोश, सुरक्षा पर सवाल

जयपुर के कोचिंग संस्थान में बेहोश हुए छात्र, अस्पताल ले जाए जाते हुए।

जयपुर के कोचिंग संस्थान में 10 छात्र बेहोश, जहरीली गैस या धुएं की आशंका। सुरक्षा व्यवस्था पर बवाल और जांच की मांग।

जयपुर के महेश नगर स्थित उत्कर्ष कोचिंग संस्थान में रविवार को बड़ा हादसा हुआ, जिसमें 10 छात्र बेहोश हो गए। इनमें 8 लड़कियां और 2 लड़के शामिल हैं। घटना के बाद छात्रों को सोमानी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

छात्रों के अनुसार, पिछले 10-15 दिनों से क्लासरूम में अजीब सी गंध आ रही थी। कई बार इसकी शिकायत प्रबंधन से की गई, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। रविवार को 201 नंबर हॉल में रीट की क्लास के दौरान यह घटना हुई। छात्रों को सांस लेने में दिक्कत हुई, और कई बेहोश हो गए। हादसे की वजह जहरीली गैस का रिसाव या संस्थान के ऊपर बने किचन से उठने वाले धुएं को बताया जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद कोचिंग संस्थान के बाहर बवाल मच गया। राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष निर्मल चौधरी ने समर्थकों संग संस्थान के बाहर धरना दिया। उन्होंने संस्थान को सील करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। जयपुर की सांसद मंजू शर्मा ने छात्रों और डॉक्टरों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और जांच का आश्वासन दिया। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी घटना पर चिंता जताई और सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की।

छात्रों ने आरोप लगाया कि संस्थान में क्षमता से अधिक विद्यार्थी भरे जाते हैं, और उनकी सुरक्षा को नजरअंदाज किया जाता है। घटना के बाद जयपुर के कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रों और अभिभावकों ने निष्पक्ष जांच और संस्थान की कुव्यवस्थाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *