रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की कमान अब महिला अधिकारी के हाथों में है। 1993 बैच की आईपीएस अधिकारी सोनाली मिश्रा को आरपीएफ का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उन्हें 31 अक्टूबर 2026 तक के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया है। सोनाली मिश्रा को राष्ट्रपति पुलिस पदक समेत कई राष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं।
मध्यप्रदेश कैडर की यह अधिकारी अपने कॅरियर के शुरुआती दिनों में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ASP और CSP के पद पर रह चुकी हैं। यह वह समय था जब छत्तीसगढ़ अलग राज्य नहीं बना था। उन्होंने सीबीआई, बीएसएफ और कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र मिशन में भी सेवा दी है। नेतृत्व क्षमता और समर्पण के लिए वह हमेशा सराही गई हैं। रेलवे सुरक्षा बल को अब उनके अनुभव और विजन का लाभ मिलेगा, जिससे बल के आधुनिकीकरण और क्षमता निर्माण को नई दिशा मिल सकती है।