राज्यपाल श्री रमेन डेका ने ब्रेल पुस्तक और ऑडियो बुक्स का किया विमोचन

राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में दिव्यांग सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली, जब राज्यपाल श्री रमेन डेका ने ब्रेल पुस्तक और ऑडियो बुक्स का विधिवत विमोचन किया। यह पहल छत्तीसगढ़ की वीर और दिव्यांग महिलाओं की प्रेरणादायी सफलता की कहानियों को दृष्टिहीन और विशेष आवश्यकता वाले पाठकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

इस अवसर पर दो ब्रेल पुस्तकें और तीन हजार से अधिक कंटेंट को संकलित कर तैयार की गई ऑडियो बुक्स जारी की गईं। राज्यपाल ने ऑडियो बुक्स निर्माण में योगदान देने वाले प्रदेश के विभिन्न जिलों के शिक्षकों को सम्मानित भी किया।

समावेशी समाज की दिशा में सराहनीय कदम

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि इन पुस्तकों का ब्रेल संस्करण तैयार किया जाना अत्यंत सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि हमारे समाज में अनेक ऐसी गुमनाम प्रतिभाएं हैं, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज के लिए अनुकरणीय कार्य किए हैं, उन्हें प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिव्यांगता और मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। समाज में हर व्यक्ति की अपनी चुनौतियां होती हैं और दिव्यांगजन भी समाज का अभिन्न अंग हैं, जिनका देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है।

सुविधाओं के विस्तार पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए सार्वजनिक स्थलों, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों में रैम्प, सुगम मार्ग और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिए, ताकि वे बिना किसी बाधा के आत्मनिर्भर बन सकें।

उन्होंने ऑडियो बुक्स की विशेष सराहना करते हुए कहा कि इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, जिससे छत्तीसगढ़ के बाहर रहने वाले दिव्यांगजन भी इस सामग्री का लाभ उठा सकें।

शिक्षकों की भूमिका की सराहना

इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित सुश्री के. शारदा, श्रीमती प्रीति शांडिल्य सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका इस तरह की समावेशी पहल को सफल बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

यह कार्यक्रम न केवल ज्ञान के प्रसार का माध्यम बना, बल्कि एक समावेशी और संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में मजबूत संदेश भी देकर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *