दुर्ग जिले में सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा। बुधवार से लागू इस नियम के बाद हर पेट्रोल पंप पर सख्ती बरती जाएगी। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को आदेश दिया है कि परिसर में स्पष्ट रूप से ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ का बोर्ड लगाया जाए। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी।
इस नियम में मेडिकल इमरजेंसी, आकस्मिक सेवाएं और धार्मिक पगड़ी पहनने वाले व्यक्तियों को राहत दी गई है। प्रशासन का मानना है कि यह कदम सड़क हादसों में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद करेगा। हालांकि, पेट्रोल पंप संचालकों को बिक्री घटने की चिंता सता रही है। बावजूद इसके, प्रशासन का कहना है कि आम जनता की सुरक्षा सबसे पहले है और यह अभियान लंबे समय तक लागू रहेगा।