छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित लोकभवन में आज धमतरी के विद्यार्थियों का एक विशेष शैक्षणिक दौरा आयोजित किया गया। रमेन डेका की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को राज्य के सर्वोच्च संवैधानिक कार्यालय की कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।
इस दौरान धमतरी के डी.पी.एस स्कूल के छात्र-छात्राओं ने लोकभवन का भ्रमण किया और राज्यपाल से आत्मीय मुलाकात की। राज्यपाल रमेन डेका ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें जीवन में सफलता पाने के लिए जरूरी मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन सबसे महत्वपूर्ण और सुनहरा समय होता है, जिसका सही उपयोग करना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि जीवन के निर्णय सोच-समझकर लें और कठिन परिश्रम को अपनी आदत बनाएं, क्योंकि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने यह भी बताया कि हर छात्र का रास्ता अलग होता है और करियर बनाने के लिए अनेक विकल्प उपलब्ध हैं।
इस शैक्षणिक दौरे में 12वीं कक्षा के कुल 76 विद्यार्थियों (51 छात्र और 25 छात्राएं) ने अपने शिक्षकों के साथ भाग लिया। छात्रों को लोकभवन परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों जैसे छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी और सचिवालय की अलग-अलग शाखाओं का भ्रमण कराया गया। साथ ही परिसर की हरियाली और संरचना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
भ्रमण के बाद विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद खास अवसर था। पहली बार राज्यपाल से मिलना और लोकभवन की कार्यप्रणाली को करीब से देखना उनके लिए यादगार अनुभव रहा।
इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण न केवल छात्रों के ज्ञान को बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था को समझने का भी अवसर प्रदान करते हैं।