महासमुंद में ‘ऑपरेशन निश्चय’ का बड़ा एक्शन, 10 घंटे में 4.61cr की ड्रग्स जब्त

महासमुंद जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महज 10 घंटे के भीतर चार थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मादक पदार्थ और उससे संबंधित संपत्ति जब्त की गई।

पुलिस ने इस अभियान के दौरान लगभग 686 किलोग्राम गांजा और 700 नशीली टैबलेट बरामद की हैं। जब्त सामग्री और परिवहन में उपयोग किए गए वाहनों की कुल कीमत 4 करोड़ 61 लाख 67 हजार 506 रुपये आंकी गई है।

तस्करों ने अवैध पदार्थों के परिवहन के लिए विभिन्न तरीकों का इस्तेमाल किया था, जिनमें पैकर्स एंड मूवर्स के ट्रक, ड्राई फ्रूट्स की आड़, लग्जरी वाहन, मोटरसाइकिल और ट्रेन शामिल हैं। हालांकि, पुलिस की सतर्कता और सटीक सूचना तंत्र के चलते इन प्रयासों को विफल कर दिया गया।

इस कार्रवाई के तहत कुल पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं और 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 6 आरोपी छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जबकि अन्य आरोपी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा से संबंधित हैं।

इस अभियान में बिलासपुर पुलिस और रायपुर क्राइम ब्रांच का तकनीकी सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा। पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों में 63 मामलों में 40 क्विंटल से अधिक गांजा जब्त कर 165 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी और पूरे नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *