छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास के लिए 147.66 करोड़ रूपए की स्वीकृति,

चित्रोत्पला फिल्म सिटी और सांस्कृतिक कन्वेंशन सेंटर निर्माण की योजना के तहत छत्तीसगढ़ पर्यटन को मिलेगा नया आयाम।

रायपुर, 28 नवंबर 2024:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड को केंद्र सरकार से एक बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार ने स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट 2024-25 के तहत राज्य की दो प्रमुख पर्यटन परियोजनाओं के लिए 147.66 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की है।

इन परियोजनाओं में 95.79 करोड़ रूपए की लागत से रायपुर के माना तूता क्षेत्र में चित्रोत्पला फिल्म सिटी का निर्माण होगा, और 51.87 करोड़ रूपए की लागत से जनजातीय एवं सांस्कृतिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इन योजनाओं से छत्तीसगढ़ में पर्यटन ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ-साथ राज्य की स्थानीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से 15 अक्टूबर 2024 को नई दिल्ली में मुलाकात की थी। इस मुलाकात में आचार्य ने छत्तीसगढ़ की पर्यटन गतिविधियों के बारे में जानकारी दी और स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट योजना के तहत राजधानी रायपुर में फिल्म सिटी, कन्वेंशन सेंटर, वेलनेस रिसॉर्ट और नेचर सिटी के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पेश किए थे।

पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के इस कदम से छत्तीसगढ़ में फिल्म निर्माण और फिल्म टूरिज्म के क्षेत्र में नये अवसर खुलेंगे। यह कदम राज्य को एक वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *