छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, 24 जिलों में अगले 3 घंटे में बदलेंगे हालात.

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है और आसमान से जमकर बरसात होगी। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले तीन घंटों में प्रदेश के 24 जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है। इस दौरान कई इलाकों में मेघगर्जन और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

बारिश का असर सबसे ज्यादा उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जैसे जिलों में देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। साथ ही कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया में भी आंधी के साथ मध्यम बारिश की संभावना है।

वहीं, नारायणपुर, कोंडागांव, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भी मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-झरनों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें।

मौसम विभाग के अनुसार, हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *