नगरी। छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का तीसरा चरण 23 फरवरी को संपन्न हुआ। धमतरी जिले में जिला पंचायत सदस्य के लिए 3 सीटों, जनपद पंचायत सदस्य के लिए 25 सीटों और 102 ग्राम पंचायतों में मतदान हुआ। मतदाता सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े होकर अपने मतदान का अधिकार निभा रहे थे। इस चुनाव में युवा, बुजुर्ग और महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
सेहरा बांधकर मतदान करने पहुंचा दूल्हा
- नगरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत उमरगांव में एक अनोखी घटना देखने को मिली।
- शादी के दिन एक युवा मतदाता दूल्हे के रूप में मतदान केंद्र पहुंचा।
- उसने बारात जाने से पहले ही गांव के विकास के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
- मतदान केंद्र पर पहुंचे दूल्हे को देखकर लोग हैरान रह गए और वह आकर्षण का केंद्र बन गया।
मतदान केंद्र पर दिखा चुनावी जोश
- मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ी।
- 100 मीटर की दूरी पर प्रत्याशियों ने चाय-पानी और नाश्ते की व्यवस्था की थी।
- सरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग जगहों पर स्टॉल लगाए थे।
शांतिपूर्ण माहौल में हुआ मतदान
- मतदान केंद्रों के बाहर लोगों की भारी भीड़ देखी गई, जिससे माहौल त्यौहार जैसा लगा।
- पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखते हुए जवानों को तैनात किया।
- पूरे क्षेत्र में कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।