छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय ईडी का बड़ा एक्शन। शराब घोटाले के मामले में कवासी लखमा, उनके बेटे और कांग्रेस नेताओं के ठिकानों पर छापा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। रायपुर और सुकमा जिले में ईडी ने शराब घोटाले से जुड़े मामलों में कांग्रेस नेताओं और उनके करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में पूर्व मंत्री और कोंटा विधायक कवासी लखमा, उनके बेटे हरीश कवासी और नगर पालिका अध्यक्ष जगन्नाथ राजू साहू के घर शामिल हैं।
रायपुर के धरमपुरा स्थित कवासी लखमा के निवास पर ईडी की टीम ने छापा मारा। बड़ी संख्या में सीआरपीएफ जवान मौके पर तैनात रहे। वहीं, सुकमा जिले में हरीश कवासी के घर और नगर पालिका अध्यक्ष के आवास पर भी जांच जारी है।
इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशील ओझा के रायपुर स्थित जी.ई. रोड चौबे कॉलोनी के घर पर भी ईडी ने रेड की। ओझा को पूर्व मंत्री कवासी लखमा का करीबी बताया जा रहा है।
ईडी यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ में हुए 2200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले की जांच के तहत कर रही है। जांच एजेंसी का आरोप है कि इस घोटाले में कमीशन का बड़ा हिस्सा तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा के पास भी पहुंचता था। मामले में पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, अनवर ढेबर और अरुणपति त्रिपाठी को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है।