छत्तीसगढ़ के शक्ति जिले में स्थित एक पावर प्लांट में हुए बॉयलर विस्फोट के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावितों की सहायता में जुटा हुआ है।
राज्य सरकार ने भी राहत उपायों के तहत अतिरिक्त सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की बात कही है। साथ ही घायलों के निःशुल्क उपचार के निर्देश जारी किए गए हैं।
मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे प्लांट में अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में 8 लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि लगभग 30 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे के समय प्लांट में नियमित कार्य चल रहा था। घटना के तुरंत बाद प्रशासन और प्लांट प्रबंधन ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।