रायपुर। राज्य के 10 छात्र-छात्राएं कृषि शिक्षा में आगे बढ़ते हुए उज्बेकिस्तान के डेनाऊ इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरप्रेन्योरशिप एंड पेडागॉजी में प्रशिक्षण और अनुसंधान के लिए जाएंगे। यह यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और उज्बेकिस्तान के संस्थान के बीच हुए शिक्षा एवं अनुसंधान समझौते के तहत होगी।
इस अवसर के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय सेल के प्रभारी डॉ. हुलास पाठक ने बताया कि विद्यार्थियों को इससे वैश्विक स्तर पर शिक्षा और अनुसंधान में नए अवसर मिलेंगे।
आवेदन प्रक्रिया जल्द ही ऑनलाइन शुरू होगी। इसमें विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग, असेसमेंट और प्रजेंटेशन के आधार पर चयन किया जाएगा। चयन में अकादमिक रेकॉर्ड, रुचि के क्षेत्र, अतिरिक्त गतिविधियां और इंटरव्यू को महत्व दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए राज्य सरकार द्वारा फंड भी प्रदान किया गया है।
विद्यार्थियों का चयन विभिन्न अवधि के लिए होगा। उन्हें अपनी प्रपोजल प्रस्तुत करनी होगी, जिसे आधार बनाकर चयन किया जाएगा। इससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव और कौशल विकास का अवसर मिलेगा। हाल ही में उज्बेकिस्तान के वैज्ञानिकों ने विश्वविद्यालय का दौरा किया, और अब विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक भी जल्द उज्बेकिस्तान जाएंगे।