रायपुर, 30 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के अंतर्गत कबीरधाम जिले के हजारों उपभोक्ताओं को महत्वपूर्ण आर्थिक राहत प्राप्त हुई है। इस योजना के माध्यम से अब तक 13 हजार 868 उपभोक्ताओं को कुल 11 करोड़ 75 लाख 38 हजार 570 रुपये की छूट प्रदान की जा चुकी है, जिससे बकाया बिजली बिलों का बोझ काफी हद तक कम हुआ है।
यह योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, बीपीएल परिवारों तथा कृषि उपभोक्ताओं को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है। इसके अंतर्गत निम्नदाब घरेलू एवं कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को उनके पुराने बकाया बिलों के निपटान के लिए रियायत प्रदान की जा रही है। योजना की एक प्रमुख विशेषता यह है कि इसमें सक्रिय एवं निष्क्रिय दोनों प्रकार के उपभोक्ताओं को शामिल किया गया है, जिससे अधिकतम पात्र व्यक्तियों को लाभ मिल सके।
विद्युत विभाग के अनुसार, योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिले में विशेष समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना की प्रक्रिया, पात्रता एवं छूट से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त विभागीय टीमें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर भी जागरूकता अभियान चला रही हैं, जिससे अधिकाधिक उपभोक्ता योजना का लाभ उठा सकें।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल 31 मार्च 2023 से पूर्व के बकाया हैं, वे इस योजना के अंतर्गत छूट प्राप्त कर सकते हैं। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी विद्युत वितरण केंद्र अथवा जोन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। योजना का लाभ लेने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।
आंकड़ों के अनुसार, कवर्धा सर्कल में 5 हजार 63 उपभोक्ताओं को 3 करोड़ 75 लाख 97 हजार 706 रुपये की छूट प्रदान की गई है, जबकि पंडरिया सर्कल में 8 हजार 805 उपभोक्ताओं को 7 करोड़ 99 लाख 40 हजार 864 रुपये की राहत दी गई है।
यह पहल न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत प्रदान कर रही है, बल्कि विद्युत वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने में भी सहायक सिद्ध हो रही है।