नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर बस्तर दशहरे को लेकर इस वर्ष खास पहल हुई है। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें इस पर्व का न्योता सौंपा। उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का अनूठा प्रतीक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया और आश्वस्त किया कि समय मिलने पर वे इस ऐतिहासिक पर्व का हिस्सा बनेंगे। इस मुलाकात के दौरान सांसद की धर्मपत्नी चंपा कश्यप और सुपुत्री क्षमता कश्यप भी मौजूद थीं।
क्षमता कश्यप ने प्रधानमंत्री को सादर नमस्कार किया, जिस पर प्रसन्न होकर PM मोदी ने उसे टॉफी भेंट की। यह पल बेहद सौहार्दपूर्ण रहा।
सांसद ने प्रधानमंत्री को बस्तर की समृद्ध परंपरा दर्शाने वाला एक स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। उन्होंने विकास कार्यों के लिए आभार जताते हुए कहा कि पिछले ग्यारह वर्षों में मोदी के नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां प्राप्त की हैं।