जगदलपुर में बस्तर दशहरा का ऐतिहासिक रथ परिक्रमा मार्ग अब रोशनी से जगमगाएगा। 7 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने की योजना की शुरुआत टाउन हॉल स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में भूमिपूजन से हुई।
यह लाइन सिरहासार चौक से लालबाग आमागुड़ा चौक तक बिछाई जाएगी, जिससे दशहरा के दौरान बिजली कटने की समस्या समाप्त होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की स्वीकृति के बाद यह परियोजना बस्तरवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी कर रही है।महापौर संजय पांडे ने इसे शहर के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। परियोजना से दशहरा की गरिमा और शहर की आधारभूत सुविधाओं में स्थायी सुधार होगा।