बालोद। बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम बघमरा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बहू ने की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि सास उसे बांझ कहकर बार-बार ताना देती थी। मृतका गीता बाई देवांगन की हत्या मामले में पुलिस ने उसकी बहू खिलेश्वरी देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी महिला से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसकी सास उसे बांझ कहकर ताना देती थी और बेटे को बहू को छोड़ने के लिए उकसाती थी। उसका पति भी अपनी मां की बातों में आकर आए दिन उससे झगड़ा करता था, जिससे वह मानसिक रूप से बहुत परेशान थी।
10 जून को भी इसी बात पर झगड़ा हुआ। इस बार बहू का गुस्सा चरम पर था। पास में रखा हसिया उठाकर उसने पहले सास के पैरों पर, फिर चेहरे पर और फिर शरीर के हर हिस्से पर वार कर दिए। सास गीता बाई बिस्तर पर लेटी हुई थीं और बचने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन बहू ने तब तक मारना नहीं छोड़ा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
हत्या के बाद आरोपी महिला कुछ देर शव के पास बैठी रही, फिर मोहल्लेवालों से जाकर बोली कि उसकी सास ने खुद को चाकू से मार लिया है। पुलिस की जांच में सच्चाई सामने आई और महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना में आरोपी महिला को दाहिने हाथ में भी हल्की चोट आई है, जिसे वह बचाव में दिखाने की कोशिश कर रही थी। अब उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह घटना न केवल घरेलू कलह की भयावह परिणति है, बल्कि सामाजिक मानसिकता और पारिवारिक दबावों की भी एक चिंताजनक तस्वीर प्रस्तुत करती है।
यह भी पढ़ें – Air India Flight की Emergency Landing, बम की धमकी से मचा हड़कंप