मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 21 जुलाई 2025 को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। कोच्चि से आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2744, जो सुबह 9:27 बजे रनवे पर लैंड कर रही थी, अचानक नियंत्रण खो बैठी और रनवे से फिसल गई।
यह एयर इंडिया का A320 विमान था, जिसकी लैंडिंग भारी बारिश के बीच हो रही थी। रनवे पर मौजूद पानी और कीचड़ के कारण विमान फिसलकर मुख्य रनवे 27 से करीब 17 मीटर दूर चला गया और फिर कीचड़ भरे इलाके से होता हुआ टैक्सी-वे तक पहुंच गया।
घटना के दौरान विमान के तीनों टायर फट गए, जिससे एक क्षण को सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों की सांसें थम गईं। हालांकि, किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एअर इंडिया ने तुरंत बयान जारी कर जानकारी दी कि विमान को गेट तक सुरक्षित रूप से ले जाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि विमान को अब जांच के लिए रोक लिया गया है।
वहीं, मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन (CSMIA) ने भी इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हादसे के तुरंत बाद एयरपोर्ट की इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंच गई और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। साथ ही, मुख्य रनवे 09/27 को हुए मामूली नुकसान के बाद वैकल्पिक रूप से सेकेंडरी रनवे 14/32 को चालू कर दिया गया है।
यह घटना एक बार फिर विमान सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा करती है। इस मामले की पूरी जांच की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
यह सौभाग्य की बात रही कि विमान अपने आप टैक्सी करते हुए पार्किंग बे तक पहुंच गया और बड़ा हादसा टल गया।
हाल के दिनों में एयर इंडिया से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे यात्रियों के मन में सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं। इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन विमानन प्रणाली की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया ने स्थिति को संभालने में अहम भूमिका निभाई।
मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और रनवे की मरम्मत तथा निरीक्षण का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है।