रायपुर में आगामी इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबलों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। 10 और 13 मई को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाले आईपीएल मैचों के मद्देनजर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं और दर्शक सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।
जिला प्रशासन के अनुसार 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। इन दोनों मैचों को लेकर बड़ी संख्या में दर्शकों के रायपुर पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा विस्तृत प्रबंधन योजना तैयार की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेडियम परिसर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग के कारण बाहरी जिलों और राज्यों से भी बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के आने की संभावना है। ऐसे में भीड़ नियंत्रण और सुगम प्रवेश व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलिंटियर तैनात किए जाएं।
कलेक्टर ने यातायात प्रबंधन को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैच के दौरान स्टेडियम मार्गों पर ट्रैफिक दबाव बढ़ेगा, इसलिए पार्किंग, वाहन मार्ग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित ढंग से लागू किया जाए। इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को भी शासन के विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करने और आवश्यक अनुमति प्रक्रियाओं को समय पर पूर्ण करने के लिए कहा गया है। प्रशासन का उद्देश्य मैच आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और दर्शक अनुकूल बनाना है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, प्रभारी रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा ठाकुर, एडीएम श्री उमाशंकर बंदे, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर तथा एसडीएम श्रीमती अभिलाषा पैंकरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर में आईपीएल आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियों से यह संकेत मिल रहा है कि आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।