उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गोल चक्कर के पास दुकानों में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पांच दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग के साथ उठते काले धुएं ने पूरे इलाके को ढक लिया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक दुकान से उठी आग की लपटों ने वहां रखे गैस सिलिंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। लगातार हुए तीन सिलिंडर धमाकों के बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे आसपास की दुकानें भी जलकर खाक हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं।
दमकल विभाग ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग नजदीक स्थित सीएनजी पंप तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है।
इसी बीच, पहली घटना के कुछ ही समय बाद करीब 200 मीटर दूर स्थित अजनारा ग्रीन सोसाइटी के 22वीं मंजिल पर एक बंद फ्लैट में भी आग लगने की सूचना मिली। हालांकि, वहां भी समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों और अग्निशमन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही हैं।