बस्तर: डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में मिनटों में मिलेगी जांच रिपोर्ट

बस्तर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल की गई है। जगदलपुर स्थित डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में 25 लाख रुपये की लागत से हेल्थ एटीएम स्थापित किया गया है। इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से मरीज कम समय में कई तरह की स्वास्थ्य जांच कराकर उनकी रिपोर्ट सीधे अपने मोबाइल फोन पर प्राप्त कर सकेंगे।

इस हेल्थ एटीएम का उद्घाटन बस्तर सांसद महेश कश्यप और चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने किया। अधिकारियों के अनुसार इस मशीन के माध्यम से मरीजों को अस्पताल में लंबी प्रतीक्षा किए बिना 10 से 15 मिनट के भीतर आवश्यक स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट उपलब्ध हो सकेगी।

हेल्थ एटीएम में बीपी, ब्लड शुगर, वजन, हीमोग्लोबिन, ईसीजी सहित कई प्रमुख जांच की सुविधा उपलब्ध है। जांच के बाद रिपोर्ट डिजिटल रूप में ईमेल या व्हाट्सऐप पर भेजी जाती है तथा आवश्यकता होने पर प्रिंट भी लिया जा सकता है।

यह मशीन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंटरनेट ऑफ थिंग्स तकनीक के माध्यम से संचालित होती है। इसके जरिए मरीज 50 से अधिक प्रकार की स्वास्थ्य जांच जैसे लिपिड प्रोफाइल, एचबीए1सी, मलेरिया, डेंगू आदि की जांच कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त इस प्रणाली में टेलीमेडिसिन सुविधा भी उपलब्ध है, जिसके माध्यम से मरीज वीडियो कॉल के जरिए डॉक्टर से परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। मशीन में संग्रहीत मेडिकल डेटा क्लाउड सिस्टम में सुरक्षित रहता है, जिससे भविष्य में उपचार के दौरान जानकारी उपलब्ध रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *