राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राजस्थान के जैसलमेर स्थित भारतीय वायुसेना स्टेशन से स्वदेशी हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर एलसीएच ‘प्रचंड’ में उड़ान भरकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। वह इस श्रेणी के आक्रमण हेलीकॉप्टर में सह-पायलट के रूप में उड़ान भरने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बन गई हैं।
एलसीएच ‘प्रचंड’ ने जैसलमेर एयरबेस से उड़ान भरी। प्रस्थान से पूर्व राष्ट्रपति को विमान संचालन से संबंधित जानकारी दी गई। उड़ान के दौरान उन्होंने कॉकपिट से राष्ट्र के नाम संदेश भी दिया और स्वदेशी रक्षा उत्पादन को आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।
लगभग 25 मिनट तक चली यह उड़ान पोखरण फायरिंग रेंज के ऊपर से गुजरी। राष्ट्रपति भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट आयोजित होने वाले भारतीय वायुसेना के ‘वायु शक्ति’ अभ्यास का भी अवलोकन करेंगी, जिसमें दिन और रात्रि दोनों समय अग्नि शक्ति प्रदर्शन शामिल है।
इससे पूर्व वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने जैसलमेर पहुंचने पर राष्ट्रपति का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति मुर्मू पूर्व में राफेल और सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमानों में भी उड़ान भर चुकी हैं।