CM विष्णुदेव साय का 62वां जन्मदिन आज, प्रदेशभर में विशेष आयोजन

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के 62वें जन्मदिवस पर शुक्रवार को प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा सहित विभिन्न संगठन इस अवसर पर धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भाग लेंगे।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों के मंदिरों में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पीपल और नीम के पौधों का रोपण भी किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री साय अपने गृह जिला जशपुर के बगिया क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे रायपुर लौटेंगे, जहां पुलिस परेड ग्राउंड में एक सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने बताया कि इस अवसर को ‘सेवा-सुशासन-संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। राज्य के सरकारी अस्पतालों, वृद्धाश्रमों और अनाथालयों में फल वितरण तथा विभिन्न जिलों में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जाने की योजना है।

पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार प्रत्येक मोर्चा एवं प्रकोष्ठ को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं, ताकि कार्यक्रमों का संचालन सुव्यवस्थित रूप से किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *