छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 15 जनवरी को जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के दौरे पर रहेंगे। इस अवसर पर वे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए ₹2.43 करोड़ की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही एक विशाल ‘मेगा हेल्थ कैंप’ का भी शुभारंभ किया जाएगा।
इस मेगा हेल्थ कैंप में राज्य के प्रतिष्ठित और सुपरस्पेशलिस्ट डॉक्टर मरीजों की जांच और परामर्श प्रदान करेंगे। न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री रोग, ईएनटी, किडनी रोग और प्लास्टिक सर्जरी सहित विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के चिकित्सक शिविर में मौजूद रहेंगे।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है। मरीजों की जांच के साथ-साथ कई आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण पूरी तरह निःशुल्क किए जाएंगे। गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उन्नत चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की व्यवस्था भी की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह पहल जशपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आम नागरिकों को घर के पास ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।