छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड, कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ में जनवरी के दूसरे सप्ताह के साथ ही ठंड ने अपना असर और तेज कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए 9 और 10 जनवरी को शीतलहर की चेतावनी जारी की है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार सरगुजा संभाग के सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिलों में ठंड का प्रभाव अधिक रहेगा। वहीं रायपुर संभाग के रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी और महासमुंद में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा दुर्ग और राजनांदगांव संभाग के कई जिलों में भी शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।

गुरुवार को राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में सबसे ठंडा शहर अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं दुर्ग में दिन का तापमान सबसे अधिक 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम के कारण ठंडी हवाएं प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं। आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में शीतलहर का असर बना रहेगा। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को हल्की धुंध छाने के भी आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *