दिल्ली और एनसीआर की हवा एक बार फिर लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। लगातार तीसरे दिन राजधानी गंभीर वायु प्रदूषण की चपेट में है, जिससे पूरा शहर गैस चैंबर जैसा नजर आ रहा है। रविवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 456 दर्ज किया गया, जबकि आनंद विहार, अशोक विहार, रोहिणी, वजीरपुर और जहांगीरपुरी जैसे इलाकों में AQI 500 तक पहुंच गया।
धीमी हवा, ठंड और खराब मौसम के कारण प्रदूषण के कण वायुमंडल में लंबे समय तक फंसे हुए हैं। सुबह धुंध और घने स्मॉग की वजह से दृश्यता बेहद कम रही। हालात सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम में भी कई इलाकों में AQI 400 के पार दर्ज किया गया।
गाजियाबाद के वसुंधरा में AQI 490, नोएडा के सेक्टर 116 में 486 और गुरुग्राम के ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र में 462 AQI दर्ज किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले तीन से चार दिनों तक राहत की संभावना बेहद कम है। मौसम में बदलाव और हवा की रफ्तार बढ़ने के बाद ही हालात सुधर सकते हैं।