पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान आज जोश और उत्साह के साथ जारी है। राज्य की 121 सीटों पर दोपहर 11 बजे तक औसतन 27.65% मतदान दर्ज किया गया। चुनावी रुझानों के मुताबिक, बेगूसराय (30.37%) और लखीसराय (30.32%) में सर्वाधिक वोटिंग हुई, जबकि पटना (23.71%) में सबसे कम मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
राबड़ी देवी ने वोट डालने के बाद अपने पुत्र तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव को आशीर्वाद दिया और लोकतंत्र की मजबूती के लिए अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। वहीं, राजद नेत्री रोहिणी आचार्य ने कहा कि “बिहार के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार” के लिए तेजस्वी यादव के नेतृत्व में ‘पढ़ाई, दवाई, कमाई, सुनवाई और कार्रवाई’ वाली सरकार का आना बेहद जरूरी है।
मधेपुरा में 28.46%, सहरसा में 29.68%, दरभंगा में 26.07%, मुजफ्फरपुर में 29.66%, गोपालगंज में 30.04%, सीवान में 27.09%, सारण में 28.52%, वैशाली में 28.67%, समस्तीपुर में 27.92%, खगड़िया में 28.96%, मुंगेर में 26.68%, शेखपुरा में 26.04%, नालंदा में 26.86%, भोजपुर में 26.76% और बक्सर में 28.02% वोटिंग दर्ज की गई।
इस बीच, मुंगेर में राजद प्रत्याशी अरुण शाह ने आरोप लगाया कि एनडीए उम्मीदवारों के समर्थक मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “हम लोकतंत्र में विश्वास करते हैं और किसी दबाव में झुकेंगे नहीं।” तारापुर सीट पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अरुण शाह के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है।
चुनाव आयोग और प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है ताकि हर मतदाता सुरक्षित रूप से अपना मतदान कर सके।