छत्तीसगढ़ में 1335 शिक्षकों को प्राचार्य पद पर पदोन्नति, जारी हुए आदेश.

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने 1335 व्याख्याता, व्याख्याता (एल.बी.) और प्रधान पाठकों को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य (टी संवर्ग) पद पर पदोन्नति देने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में पदोन्नति समिति की बैठक संपन्न हुई, जिसके बाद सभी पदोन्नति आदेश जारी किए गए।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने बताया कि पदोन्नति और पदस्थापना की पूरी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरती गई। राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कार्य कर रही है।

काउंसिलिंग प्रक्रिया के दौरान कुल 1335 पदोन्नत प्राचार्यों में से 1222 ने अपनी इच्छानुसार संस्था का चयन कर पदस्थापना सुनिश्चित की। शेष 113 में से 20 ने काउंसिलिंग में भाग नहीं लिया, 20 ने पदोन्नति लेने से मना किया, 2 ने विद्यालय चयन से इंकार किया और 91 विभिन्न कारणों से जैसे सेवानिवृत्ति, मृत्यु या निलंबन में शामिल थे।

इस प्रकार 1222 व्याख्याता, व्याख्याता (एल.बी.) और प्रधान पाठकों को प्राचार्य पद पर पदोन्नति उपरांत पदस्थापना आदेश जारी कर दिए गए हैं।

मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि पात्र कर्मचारियों को स्वयं काउंसिलिंग स्थल पर संस्था चुनने का अवसर दिया गया। चयन के बाद संबंधित अधिकारी ने चयनित स्थान पर पदस्थापना के लिए सहमति दी, जिससे पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *