दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने एक बड़ा कदम उठाते हुए रॉबर्ट वाड्रा समेत 11 आरोपियों को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस हरियाणा के शिकोहपुर लैंड डील मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दाखिल चार्जशीट के संदर्भ में भेजा गया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि 28 अगस्त को वाड्रा की तरफ से इस मामले में दलील पेश की जाएगी।
ईडी का कहना है कि उनके पास इस लेनदेन में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पुख्ता सबूत मौजूद हैं। वाड्रा पर आरोप है कि उन्होंने 2008 में गुरुग्राम के सेक्टर 83 स्थित 3.53 एकड़ भूमि की खरीद में आपराधिक आय का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, चार्जशीट के मुताबिक इस डील में फर्जी दस्तावेजों और राजनीतिक प्रभाव का सहारा लिया गया।
ईडी ने इस प्रकरण में रॉबर्ट वाड्रा के अलावा स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी प्रा. लि., सत्यानंद याजी, केवल सिंह विरक और ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज को भी आरोपी बनाया है। यह चार्जशीट 17 जुलाई को दाखिल की गई थी, और अब इस पर कोर्ट विचार कर रही है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे देश की निगाहें अब 28 अगस्त की सुनवाई पर टिकी हैं।