अवैध प्लाटिंग पर कलेक्टर का सख्त संदेश

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अवैध प्लाटिंग पर सख्त रुख अपनाते हुए जोन कमिश्नरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई न होने की स्थिति में संबंधित जोन कमिश्नर, राजस्व अधिकारी और नगर निवेश विभाग के अधिकारी जिम्मेदार माने जाएंगे।

बैठक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में हुई, जिसमें जिले के नगरीय निकायों के जोन कमिश्नर मौजूद थे। कलेक्टर ने कहा कि जोन में अवैध प्लाटिंग पर सख्ती बरतना अनिवार्य है और वार्डों की नियमित निगरानी जरूरी है।

उन्होंने निर्देश दिए कि मूलभूत सुविधाएं जैसे जलनिकासी, सड़कें और साफ-सफाई समय पर सुनिश्चित की जाएं। यदि जलभराव या यातायात जाम की स्थिति बनती है, तो जोन कमिश्नर त्वरित समाधान सुनिश्चित करें और पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करें।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया कि स्कूलों के बाहर लगे अवैध गुमटियों को तत्काल हटाया जाए। ट्रांसफार्मर के नीचे बढ़ी झाड़ियों की सफाई के लिए सीएसईबी से समन्वय किया जाए। साथ ही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई के साथ-साथ अवैध होर्डिंग हटाने का अभियान भी लगातार चलाया जाए।

उन्होंने राज्य प्रवर्तित योजनाओं के तीव्र क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। बैठक में नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप, बिरगांव नगर निगम कमिश्नर युगल किशोर और दोनों निगमों के जोन कमिश्नर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *