कैबिनेट बैठक के बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी आज अमेरिका के लिए रवाना होंगे। इस सात दिवसीय यात्रा का उद्देश्य अमेरिका में बसे प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को राज्य के विकास से सीधे जोड़ना है। वह अमेरिका में रह रहे भाई-बहनों को छत्तीसगढ़ के पहले एनआरआई शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे, जो राज्य के रजत जयंती वर्ष का प्रमुख आयोजन होगा।
ओपी चौधरी इस यात्रा में ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047’ का विजन साझा करेंगे, जो राज्य को विकसित बनाने की दीर्घकालीन योजना है। इसके अलावा, अमेरिका में पढ़ाई कर रहे छत्तीसगढ़ी युवाओं को स्टार्टअप्स और रोजगार के अवसरों में भागीदार बनाने की रणनीति भी बनाएंगे। वह निवेशकों से एफडीआई और संयुक्त उद्यम जैसे अवसरों पर बातचीत करेंगे, जिससे छत्तीसगढ़ में आर्थिक नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।