लगातार हो रही बारिश के कारण छत्तीसगढ़ में बाढ़ जैसे हालात बनते जा रहे हैं। दुर्ग के कुम्हारी क्षेत्र के सूरजीडीह गांव में एक नाले के पास तीन ग्रामीण और बकरियां फंस गई थीं। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल सूचना दुर्ग कंट्रोल रूम को दी। इस पर एसडीआरएफ की टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
टीम ने बाढ़ के बीच फंसे एक महिला और दो पुरुषों समेत तीनों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता पाई। इसके अलावा, उनकी बकरियों को भी सुरक्षित आश्रय स्थल पर पहुंचाया गया। यह पूरा अभियान सतर्कता और समर्पण का उदाहरण है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान जोखिम वाले स्थानों से दूर रहें और आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन से संपर्क करें।