कोंडागांव ज़िले की फरसगांव जनपद पंचायत की वार्ड क्रमांक 8 की सदस्य रैयमती कोर्राम 9 जुलाई से रहस्यमय ढंग से लापता हैं। परिजनों के अनुसार वे दोपहर करीब 3:30 बजे इलाज कराने जिला अस्पताल जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन उसके बाद उनका कोई पता नहीं चला है।
मोबाइल बंद, परिजन में चिंता
रैयमती कोर्राम का मोबाइल लगातार बंद आ रहा है, जिससे परिजन बेहद चिंतित हैं। उन्होंने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। आखिरकार उनके पति ने फरसगांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
लाल साड़ी में निकली थीं घर से
शिकायत के अनुसार, रैयमती कोर्राम ने लाल रंग की साड़ी पहन रखी थी। उन्होंने कपड़ों से भरा बैग भी साथ लिया था। गले में सोने का मंगलसूत्र, कानों में टॉप्स और नाक में फूली पहनी थी। उनकी ऊंचाई लगभग 5 फीट है और वे हिंदी, हल्बी और छत्तीसगढ़ी में आसानी से बातचीत करती हैं।
पुलिस कर रही जांच
फरसगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी संभावित पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। आसपास के अस्पतालों, बस स्टैंड और अन्य संभावित ठिकानों में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही कोई अहम सुराग हाथ लग सकता है।
परिजनों की अपील: दीजिए कोई भी जानकारी
रैयमती कोर्राम के परिजनों ने आम लोगों से अनुरोध किया है कि अगर किसी को उनके बारे में कोई भी जानकारी मिले तो कृपया नजदीकी पुलिस स्टेशन में संपर्क करें।