छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना है, इसलिए बस्तर से लगे जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बालोद, सुरजपुर, बलरामपुर, जशपुर सहित कुल 15 जिलों में शुक्रवार के लिए यलो अलर्ट घोषित किया है।
गुरुवार शाम रायपुर में अचानक तेज बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। धमतरी जिले में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई और दो अन्य घायल हुए। बलौदाबाजार में एक गांव बारिश के चलते टापू में तब्दील हो गया।
उत्तरी छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधि कमजोर बनी रहेगी। सरगुजा संभाग में बीते 24 घंटे में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रायपुर में गुरुवार को 35 डिग्री का तापमान दर्ज हुआ, जो राज्य में सबसे ज्यादा था। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा।