छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने दो शिक्षकों की हत्या कर दी। उन पर पुलिस को सूचना देने का आरोप लगाया गया था। यह घटना बारसूर थाना क्षेत्र के टोडमा गांव में बुधवार शाम को हुई।
शिक्षकों को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बामन कश्यप (29) और अनीस राम पोयाम (38) के रूप में हुई। बामन कश्यप एक सरकारी स्कूल में ‘शिक्षा दूत’ के रूप में कार्यरत था।
पुलिस मुखबिरी का आरोप
नक्सलियों ने घटनास्थल पर पूर्वी बस्तर डिवीजन की आमदई एरिया कमेटी का एक पर्चा छोड़ा। इसमें आरोप लगाया गया कि बामन कश्यप ने अक्टूबर 2024 में थुलथुली मुठभेड़ से पहले पुलिस को माओवादी गतिविधियों की सूचना दी थी।
पुलिस जांच में जुटी
दंतेवाड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।