रायपुर: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 की नीलामी के पहले दिन छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए कोई टीम बोली नहीं लगाई। राज्य के सात खिलाड़ियों को नीलामी सूची में शामिल किया गया, लेकिन पहले दिन की प्रक्रिया उनके लिए निराशाजनक रही।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की नीलामी सूची
इस बार 574 खिलाड़ियों की सूची में छत्तीसगढ़ से शुभम अग्रवाल, आयुष पांडेय, अजय मंडल, अमनदीप खरे, प्रतीक यादव, आशीष डहरिया और प्रशांत साईं पैकरा शामिल हुए। इन सभी की बेस प्राइस 30 लाख रुपये तय की गई है। यह पहला मौका है जब एक साथ सात छत्तीसगढ़ी खिलाड़ियों को नीलामी में जगह मिली है।
राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इसे छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व का पल बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
शशांक का शानदार प्रदर्शन बरकरार
भिलाई के शशांक ने पिछले सीजन में पंजाब किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 164.65 के स्ट्राइक रेट से 354 रन बनाए और पंजाब किंग्स के टॉप स्कोरर रहे। उनके प्रदर्शन को देखते हुए टीम ने आईपीएल 2025 में उन्हें बरकरार रखा।
पिछले सीजन में शशांक ने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 29 गेंदों पर नाबाद 61 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। पंजाब किंग्स ने उनके इस प्रदर्शन पर भरोसा जताते हुए दोबारा मौका दिया है।
आगे की उम्मीदें
अब छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की नजरें जेद्दा, सऊदी अरब में शुक्रवार को होने वाली नीलामी प्रक्रिया पर टिकी हैं। उम्मीद है कि दूसरे दिन कोई आईपीएल टीम छत्तीसगढ़ी खिलाड़ियों पर भरोसा जताएगी।