छत्तीसगढ़ में नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विकसित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रणाली की तकनीकी संरचना, शिकायत पंजीयन और निवारण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नागरिक की शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। यह पहल राज्य में डिजिटल गवर्नेंस और नागरिक-केंद्रित प्रशासन को नई दिशा प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री ने कॉलर से सीधे की बातचीत
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कॉल करने वाले रायपुर निवासी श्री पूनाराम ठाकरे से मुख्यमंत्री ने स्वयं बात की। उन्होंने उनकी समस्या सुनी और समाधान का आश्वासन दिया। कॉलर ने आय प्रमाण पत्र से जुड़ी शिकायत दर्ज कराई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पारदर्शी और जवाबदेह शासन पर जोर
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रणाली का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि प्रभावी और समयबद्ध समाधान देना है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करती है। इसके माध्यम से प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों का विश्वास और अधिक बढ़ेगा।
एकीकृत डिजिटल प्रणाली से तेज समाधान
राज्य की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रणाली में 1,200 से अधिक शिकायत श्रेणियां और लगभग 8,000 अधिकारियों को जोड़ा गया है। ब्लॉक से लेकर राज्य स्तर तक बहु-स्तरीय एस्केलेशन सिस्टम के जरिए शिकायतों की निगरानी की जाती है। एमआईएस डैशबोर्ड और डेटा एनालिटिक्स आधारित मॉनिटरिंग से समस्याओं के समाधान में तेजी लाई जा रही है।
युवाओं को मिला रोजगार और सेवा का अवसर
इस मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रणाली के संचालन में स्थानीय युवाओं को भी जोड़ा गया है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यरत युवाओं से संवाद कर उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली न केवल सेवाओं को मजबूत बना रही है, बल्कि डिजिटल माध्यम से रोजगार सृजन का भी उदाहरण है।
यह भी पढ़ें:
विष्णुदेव साय कैबिनेट के बड़े फैसले: किसानों को 15 हजार प्रति एकड़ सहायता
विदेश रोजगार: सुकमा के युवाओं को इजराइल में नौकरी का मौका
‘भारत भाग्य विधाता’; रायपुर स्क्रीनिंग में स्वास्थ्य योद्धाओं को मिला विशेष सम्मान