नवा रायपुर में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया गया

विकसित भारत संकल्प पार्क, अमित शाह, नवा रायपुर, छत्तीसगढ़ समाचार,

रायपुर, 3 नवंबर 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। केंद्रीय गृह मंत्री ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया यह पार्क राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की भावना को एक साथ जोड़ता है। इसका उद्देश्य नागरिकों को हरियाली के महत्व के प्रति जागरूक करना और प्रकृति के संरक्षण में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

16 एकड़ में विकसित पार्क में लगाए गए 3,000 से अधिक पौधे

नवा रायपुर को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल आधुनिक शहर बनाने की दिशा में विकसित भारत संकल्प पार्क एक महत्वपूर्ण पहल है। लगभग 16 एकड़ क्षेत्र में फैले इस पार्क में अब तक 2,500 से अधिक पीपल के पेड़ और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं।

पौधरोपण के साथ-साथ यह पहल शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने पर केंद्रित है। इस पार्क के माध्यम से नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में नई पहचान देने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है।

‘People for Peepal’ अभियान से जुड़ेगी आम नागरिकों की भागीदारी

नवा रायपुर में संचालित ‘People for Peepal’ अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों को उनके संरक्षण और नियमित देखभाल से जोड़ना है। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का अभियान बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

भारतीय संस्कृति में पीपल के वृक्ष का विशेष आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व है। अभियान के जरिए इस सांस्कृतिक जुड़ाव को प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

विकसित भारत के निर्माण में नई पीढ़ी को करेगा प्रेरित

विकसित भारत संकल्प पार्क आधुनिक शहरी विकास और प्रकृति के बीच संतुलन का संदेश देगा। यह स्थान नागरिकों, विशेषकर बच्चों और युवाओं को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने के साथ ही राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने के लिए प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।




यह भी पढ़ें – रायपुर : राज्योत्सव 2026 : वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रदर्शनी को प्रथम पुरस्कार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *