बस्तर में लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने तीरथगढ़ जलप्रपात और अन्य पर्यटन स्थलों को प्रभावित किया है। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में मुनगा बहार नाला उफान पर है, जिससे जलप्रपात अपने रौद्र रूप में बह रहा है।
पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने इस सीजन में दूसरी बार तीरथगढ़ जलप्रपात को बंद कर दिया है। भारी बारिश के कारण जलप्रपात में तेज प्रवाह और भूस्खलन की आशंका बनी रहती है। इससे पर्यटकों के फंसने की संभावना बढ़ गई है।
पूर्व में भी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस वजह से फिलहाल नीचे जाने पर रोक लगा दी गई है। पार्क प्रबंधन ने कहा कि सुरक्षा के कारण जलप्रपात के आसपास जाने की अनुमति नहीं है।
वहीं चित्रकोट जलप्रपात पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। भारी बारिश से इंद्रावती नदी का प्रवाह बढ़ गया है, लेकिन यहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के डायरेक्टर डॉ. नवीन कुमार ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में बारिश कम होने पर तीरथगढ़ जलप्रपात को पर्यटकों के लिए फिर से खोला जाएगा।