छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के दिव्यांग एथलीट सुखदेव ने एक बार फिर पूरे प्रदेश को गौरवांवित किया है। बेंगलुरु के कांतिराव स्टेडियम में आयोजित 7वीं ओपन पैरा एथलेटिक्स इंटरनेशनल चैंपियनशिप 2025 में उन्होंने 1500 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीत लिया।
महज 4.36 मिनट में यह दूरी तय कर उन्होंने पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस ऐतिहासिक जीत से महासमुंद जिले में खुशी की लहर है। सुखदेव फॉर्चून फाउंडेशन द्वारा संचालित नेत्रहीन विद्यालय के पूर्व छात्र हैं और वर्तमान में SAI बेंगलुरु में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
उनके कोच निरंजन साहू ने बताया कि यह जीत कठिन मेहनत और आत्मविश्वास का नतीजा है। सुखदेव पूर्व में खेलो इंडिया पैरा गेम्स और राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स में भी स्वर्ण पदक हासिल कर चुके हैं।
इस सफलता पर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों और पैरा स्पोर्ट्स संगठनों ने उन्हें बधाई दी है।