हर घर सोलर योजना: वार्ड स्तर पर लगेंगे शिविर, मुफ्त बिजली का मिलेगा लाभ

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) पूरे राज्य में घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगवाने को लेकर जागरूकता फैला रही है। राजधानी रायपुर समेत सभी वार्डों में अब शिविर आयोजित कर आम जनता से ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। इन शिविरों में सोलर पैनल इंस्टॉलेशन, सब्सिडी प्रक्रिया, मेंटेनेंस और ऊर्जा बचत के उपायों की जानकारी एक्सपर्ट्स द्वारा दी जाएगी।

बुधवार को गुढ़ियारी स्थित शिविर का शुभारंभ सीएसपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से 1.30 लाख सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य तय हुआ है। इसमें पॉवर कंपनी के अधिकारियों-कर्मचारियों को सबसे पहले भागीदारी निभानी चाहिए ताकि आम नागरिक भी प्रोत्साहित हों। पहले शिविर में लगभग 300 अधिकारियों-कर्मचारियों में से 215 ने अपने घर की छतों पर सोलर प्लांट लगाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया।

सीएसपीडीसीएल के कार्यपालक निदेशक (आरएपीएम) एस.के. गजपाल ने बताया कि योजना के अंतर्गत एक किलोवाट पर ₹45,000, दो किलोवाट पर ₹90,000 और तीन किलोवाट पर ₹1.08 लाख की सब्सिडी सरकार द्वारा दी जाएगी।

इस अभियान का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ को हरित ऊर्जा की दिशा में अग्रणी राज्य बनाया जाए। राज्य सरकार की योजना है कि हर घर स्वच्छ ऊर्जा से सुसज्जित हो और आने वाले वर्षों में बिजली बिल से पूरी तरह राहत मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *