रायपुर, 18 फरवरी 2026। Ramen Deka से आज लोकभवन में Indian Red Cross Society की छत्तीसगढ़ इकाई की नवगठित प्रबंध समिति ने सौजन्य मुलाकात की। बैठक के दौरान रेडक्रॉस की वर्तमान गतिविधियों, आगामी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई।
राज्यपाल ने संगठन की सदस्यता बढ़ाकर अधिक से अधिक युवाओं को समाजसेवा से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने सिकल सेल बीमारी की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में समय रहते पहचान और उपचार संभव हो सके।

बैठक में रायपुर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ब्लड बैंक शीघ्र प्रारंभ करने के लिए ठोस पहल करने पर जोर दिया गया। राज्यपाल ने जानकारी दी कि सर्वसुविधा युक्त एम्बुलेंस सेवा के लिए एसईसीएल से स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही यह सेवा आम जनता को उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने जिलों में रेडक्रॉस के लिए भवन, एम्बुलेंस और ब्लड बैंक की स्थापना हेतु जिला कलेक्टरों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से योजनाओं को गति देने का सुझाव भी दिया।
इस अवसर पर रेडक्रॉस के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम. के. राउत, अध्यक्ष टोमन साहू सहित प्रबंध समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।