शेयर ट्रेडिंग के नाम पर महिला अधिकारी से 90 लाख की ठगी, 20 बार ट्रांजैक्शन कर भेजे पैसे.

रायपुर, छत्तीसगढ़ – छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक महिला डिप्टी डायरेक्टर साइबर ठगों का शिकार हो गई हैं। झांसे में आकर उन्होंने शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा मिलने की उम्मीद में 90 लाख रुपये से अधिक की राशि ठगों के खाते में ट्रांसफर कर दी। मामला नवा रायपुर के राखी थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता माया तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई है।

फेसबुक विज्ञापन से शुरू हुई ठगी

माया तिवारी, जो आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में डिप्टी डायरेक्टर हैं, ने 3 मार्च को फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा जिसमें दावा किया गया था कि एक कंपनी में निवेश करने पर छह महीने में रकम दोगुनी हो जाएगी। विज्ञापन में वीडियो और सरकारी समर्थन का झूठा दावा किया गया था। भरोसा होने पर माया ने रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक किया।

कॉल और विश्वास का जाल

रजिस्ट्रेशन के बाद खुद को जारा अली खान बताने वाली एक महिला ने माया से संपर्क किया और “अच्छा निर्णय” लेने की बात कही। इसके बाद दूसरी महिला, संगीता शर्मा ने अकाउंट ऑफिसर बनकर फोनपे से छोटे-छोटे ट्रांजैक्शन करवाए।

इसके बाद अलग-अलग नंबरों और खातों से कॉल आते रहे और धीरे-धीरे माया ने 20 से अधिक बार अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर किए, जिनमें एक बार में 11 लाख, 9.5 लाख, 4.81 लाख जैसी बड़ी रकम भी शामिल थी। कुल मिलाकर उन्होंने करीब ₹89.67 लाख ट्रांसफर किए।

जुलाई तक दोगुनी रकम मिलने का झांसा

ठगों ने जुलाई तक रकम दोगुनी करने का आश्वासन दिया। लेकिन जब तय समय बीतने के बाद भी कोई पैसा वापस नहीं आया, तो माया को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

जांच जारी, 20 लाख रुपए होल्ड

रायपुर एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि यह मामला साइबर फ्रॉड का है और पीड़िता से 90 लाख की ठगी हुई है। अब तक 20 लाख रुपये की राशि होल्ड की जा चुकी है और मामले की गहराई से जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *