रायपुर में भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट, गुढ़ियारी द्वारा श्रीराम जानकी प्राण प्रतिष्ठा वार्षिक महोत्सव एवं श्री श्याम बाबा महोत्सव का भव्य आयोजन 19 जनवरी से किया जा रहा है। यह पावन आयोजन मारुति मंगलम भवन, गुढ़ियारी, रायपुर में संपन्न होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत 19 जनवरी को संध्या पांच बजे विशाल भंडारे (भोजन प्रसादी) से होगी, जिसके पश्चात संध्या छह बजे से श्री श्याम बाबा का भव्य महोत्सव और भक्तिमय आयोजन प्रारंभ होगा। यह धार्मिक उत्सव समाजसेवी बसंत अग्रवाल के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे कार्यक्रम का आध्यात्मिक महत्व और भी बढ़ गया है।
आयोजन समिति के अनुसार, यह संपूर्ण महोत्सव बाबा श्री श्याम और बालाजी महाराज की कृपा से “करवाने वाले बालाजी, करने वाले बालाजी” के भाव के साथ आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में देशभर से आए सुप्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे।
भजन संध्या में मुंबई से प्रसिद्ध भजन गायक प्रमोद त्रिपाठी, जयपुर से रजनी राजस्थान, रायपुर के लोकप्रिय भजन गायक राजू महाराज ‘पागल’ एवं विनय अग्रवाल अपनी सुमधुर और भक्तिमय प्रस्तुतियों से भक्तों को भक्ति रस में डुबो देंगे।
आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य और भव्य धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ प्राप्त करें।