रायपुर में तड़के पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशा व अवैध हथियार जब्त

रायपुर पुलिस ने अपराध और अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के लिए शुक्रवार तड़के बड़ी रेड की। ‘निश्चय अभियान’ के तहत सुबह 4 बजे से पूरे जिले में एक साथ दबिश दी गई, जिसमें 60 विशेष टीमों ने 100 से अधिक इलाकों में व्यापक छापेमारी को अंजाम दिया।

आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने नशे का कारोबार, अवैध शराब बिक्री, फरार आरोपियों और शांति भंग करने वाले तत्वों को मुख्य लक्ष्य बनाया।

अभियान के दौरान पुलिस ने नशे की बिक्री में शामिल 6 लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 3.800 किलो गांजा और 80 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद की गईं। वहीं, 29 शराब तस्कर पकड़े गए, जिनके कब्जे से 705 पौवा अवैध शराब ज़ब्त की गई।

एक आरोपी को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया और उसके पास से चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। फरार अभियुक्तों की तलाश में पुलिस ने 21 वारंट तामिल किए और पुराने मामलों में फरार 7 आरोपियों को पकड़ा।

साथ ही, सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 70 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। कुल मिलाकर, पुलिस ने 134 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ “निश्चय अभियान” आगे भी लगातार और कड़े रूप में जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *