रायपुर निगम बजट 2026: महापौर मीनल चौबे पेश करेंगी बजट

रायपुर नगर निगम की बैठक आज, बजट पर सबकी नजर

रायपुर नगर निगम की सामान्य सभा आज आयोजित होने जा रही है, जिसमें महापौर मीनल चौबे अपना दूसरा बजट पेश करेंगी। इस बार निगम का बजट करीब 1600 करोड़ रुपये का अनुमानित है, जिस पर शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

प्रश्नकाल में उठेंगे 22 मुद्दे, भाजपा पार्षद भी करेंगे सवाल

सभा की शुरुआत एक घंटे के प्रश्नकाल से होगी, जिसमें 22 पार्षदों ने विभिन्न मुद्दों पर सवाल लगाए हैं। खास बात यह है कि इनमें से 15 सवाल भाजपा पार्षदों के हैं, जिससे अपने ही दल के पार्षद मेयर इन काउंसिल को घेरते नजर आ सकते हैं।

इसके अलावा भाजपा के 5 जोन अध्यक्ष भी सवालों के साथ मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस और निर्दलीय पार्षद भी शहर से जुड़े मुद्दों को जोर-शोर से उठाने की तैयारी में हैं।

9 करोड़ के खर्च पर घिरेगा निगम, कांग्रेस करेगी सवाल

कांग्रेस पार्षदों ने साइंस कॉलेज चौपाटी पर हुए करीब 9 करोड़ रुपये के खर्च का हिसाब मांगने की तैयारी की है। इस मुद्दे पर सभा में तीखी बहस होने के आसार हैं।

मूलभूत सुविधाओं पर होगा घमासान

प्रॉपर्टी टैक्स, पानी सप्लाई और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं इस बैठक के प्रमुख मुद्दे रहेंगे। इसके साथ ही आवारा कुत्तों की समस्या, कचरा कलेक्शन की व्यवस्था और शहर के गार्डनों की बदहाली पर भी निगम को घेरा जा सकता है।

तालाब सौंदर्याकरण और अधूरे काम भी एजेंडे में

सभा में तालाबों के सौंदर्याकरण और अधूरे पड़े निर्माण कार्यों पर भी चर्चा होगी। इन मुद्दों को लेकर पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामे के आसार जताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *