रायपुर में मोबाइल गेम खेलते युवक पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर ही मौत.

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अचानक बदले मौसम के कारण एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खम्हाडीह थाना क्षेत्र में एक युवक की आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई।

मृतक की पहचान सन्नी कुमार बरसेनी के रूप में हुई है, जो भावना नगर स्थित एक निर्माणाधीन भवन में मजदूरी करता था।

बिजली गिरते ही मोबाइल में हुआ धमाका

जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय मौसम अचानक बदल गया और तेज बारिश के साथ बिजली गिरने लगी। सन्नी उस समय छत पर बैठकर मोबाइल में गेम खेल रहा था।

इसी दौरान बिजली गिरने से मोबाइल में तेज धमाका हुआ और वह मौके पर ही गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे नीचे लाया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।

यूपी का रहने वाला था मृतक

सन्नी कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले का रहने वाला था और रायपुर में मजदूरी करके जीवन यापन कर रहा था।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *