प्रयागराज महाकुंभ 2025 में छत्तीसगढ़ से 800-1000 लोग प्रतिदिन शामिल होंगे,
रायपुर। उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में 13 जनवरी 2025 से महाकुंभ की शुरुआत होगी। 12 वर्षों बाद होने वाले इस महाकुंभ के लिए भव्य तैयारियां चल रही हैं। देश-विदेश से 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। छत्तीसगढ़ से प्रतिदिन 800-1000 लोग महाकुंभ में शामिल होंगे। रायपुर से पहली ही बुकिंग में बरौनी एक्सप्रेस और सारनाथ में 1000 से अधिक यात्रियों ने टिकट बुक कराए हैं।
मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से भी अधिक संख्या में श्रद्धालु
उत्तरप्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा और राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने बताया कि महाकुंभ में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचेंगे। रेलवे प्रशासन ने 1300 से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन तय किया है। इनसे देशभर के यात्री प्रयागराज के 9 रेलवे स्टेशनों पर पहुंचेंगे।
टेंट सिटी बुकिंग का विकल्प बना पसंदीदा
महाकुंभ के पहले दिन के लिए अधिकांश होटल पहले ही बुक हो चुके हैं। इस कारण यात्री आईआरसीटीसी द्वारा स्थापित डीलक्स लग्जरी टेंट सिटी में बुकिंग करा रहे हैं। आईआरसीटीसी पहली बार महाकुंभ में यात्रियों को लग्जरी टेंट की सुविधाएं दे रहा है। यह सुविधा यात्रियों के लिए एक शानदार विकल्प बनकर उभरी है।
ऐसा होगा प्लेटफार्म का सिस्टम
जिन जिन राज्यों की ट्रेन प्लेटफार्म पर खड़ी रहेंगी, उन यात्रियों को होल्डिंग एरिया से प्लेटफार्म के लिए रवाना किया जाएगा। इससे भगदड़ की संभावना खत्म रहेगी। दरअसल यह प्रयोग इस साल दिवाली और छठ की भीड़ कंट्रोल करने के लिए राजधानी दिल्ली समेत देश के कई बड़े स्टेशनों पर किया गया था।