नवा रायपुर स्थित रावतपुरा यूनिवर्सिटी के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान नंदू यादव (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम नवागांव (ल), गोबरा नवापारा का निवासी था।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और गहरा आक्रोश व्यक्त किया। अभनपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को समझाने का प्रयास किया और जांच शुरू कर दी है।
महासमुंद में दो मालवाहकों की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर रूप से घायल
महासमुंद।
सोमवार सुबह एनएच-353 पर स्थित चौकड़ी इलाके में दो मालवाहक वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के सामने के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
इन वाहनों में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें तीन की हालत गंभीर पाई गई। घायलों को 112 एंबुलेंस के ज़रिए बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां एक की हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जानकारी के मुताबिक, एक मालवाहन सब्जी लेकर जा रहा था जबकि दूसरा वाहन खाली था। कोमाखान पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।