मनेंद्रगढ़ में गुरुवार को राजनीतिक पारा अचानक उस समय चढ़ गया, जब भाजपा के नए जिला कार्यालय निर्माण का विरोध कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा आदिवासी की जमीन पर कब्जा कर अपने जिला कार्यालय भवन का निर्माण कर रही है, इसी के विरोध में कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव को काले झंडे दिखाने की तैयारी में थे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के मनेंद्रगढ़ आगमन से पहले ही पूर्व विधायक गुलाब कमरो को हाउस अरेस्ट किया गया, जबकि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, जिला कांग्रेस प्रवक्ता सौरभ मिश्रा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कासिम अंसारी और भावेश जैन को निवास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक सरगर्मी और विवाद और तेज हो गया।
विरोध और विवाद के बीच, ग्राम चैनपुर में भाजपा के नवीन जिला कार्यालय का भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भूमि पूजन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री रामविचार नेताम, विधायक रेणुका सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस जहां जमीन अधिग्रहण को लेकर कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं भाजपा इसे विकास और संगठन विस्तार का कदम बता रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा मनेंद्रगढ़ और पूरे प्रदेश की राजनीति में बड़ा मोड़ ला सकता है।