कोरबा में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से झूठे और संपादित पोस्ट वायरल होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नगर निगम कोरबा की सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, कुछ अज्ञात फेसबुक आईडी से प्रधानमंत्री की तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक दावे किए गए हैं। एक पोस्ट में उन्हें जेफरी एपस्टीन से जोड़ने की कोशिश की गई, जबकि अन्य पोस्टों में बिना किसी प्रमाण के गंभीर आरोप लगाए गए।
सभापति ठाकुर का कहना है कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह के निराधार और भ्रामक आरोप न केवल उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास हैं, बल्कि समाज में असंतोष और वैमनस्य फैलाने की साजिश भी हो सकते हैं। उन्होंने इसे सामाजिक और राजनीतिक वातावरण को प्रभावित करने की कोशिश बताया है।
शिकायत में यह भी मांग की गई है कि संबंधित फेसबुक अकाउंट्स की पहचान कर उनके खिलाफ भारतीय कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की जवाबदेही तय करने की भी बात कही गई है।
इस मामले में अधिवक्ता संघ के कई पदाधिकारियों ने भी पुलिस प्रशासन से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। जिला पुलिस अधीक्षक ने शिकायत पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मामला सामने आने के बाद कोरबा में सोशल मीडिया की निगरानी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जिम्मेदारी को लेकर बहस तेज हो गई है।